











नागरिक भागीदारी के उभरते आयाम: उदयपुर में नागरिक भागीदारी
₹0.00
यह केस स्टडी दर्शाती है कि उदयपुर के शहरी प्रशासन और विकास में नागरिकों की भागीदारी किस तरह काम करती है।। इसमें नागरिकों की भागीदारी को दो हिस्सों में बाँटकर देखा गया है - एक तो वह ‘आमंत्रित मंच’ (Invited Spaces) जिसे सरकार बनाती है, और दूसरा ‘निर्मित मंच’ (Created Spaces) जिसे लोग खुद अपनी पहल पर शुरू करते हैं। कुल 29 ऐसे मंचों की पड़ताल करने पर यह सामने आया कि औपचारिकता और असरदार होने के बीच एक बड़ा फर्क है।
सरकार की तरफ से शुरू किए गए ‘आमंत्रित मंच’ कागज़ों में तो मौजूद हैं, लेकिन अक्सर महज़ औपचारिकता बनकर रह जाते हैं। इनमें से लगभग आधे सिर्फ ‘जानकारी देने’ तक सीमित हैं, जहाँ जनता की राय का बहुत कम असर होता है और फैसलों पर ठीक से काम भी नहीं होता। ‘एक्शन उदयपुर’ जैसी डिजिटल पहल उम्मीद ज़रूर जगाती हैं, पर वे लंबे समय तक लगातार सक्रिय नहीं रह पातीं।
दूसरी तरफ, नागरिकों द्वारा बनाए गए ‘निर्मित मंच’ - जैसे कि जनता की सफाई मुहिम, कानूनी कदम, या जागरूकता अभियान - कहीं ज़्यादा जीवंत और प्रभावी दिखे हैं। इनमें से करीब 73% मंच आज भी सक्रिय हैं और लोग इनमें पूरे उत्साह से हिस्सा लेते हैं। भले ही इन्हें कोई सरकारी मंज़ूरी न मिली हो, फिर भी ये लोगों के बीच भरोसा, स्थानीय नेतृत्व और सामूहिक ज़िम्मेदारी की भावना बढ़ाते हैं।
यह अध्ययन बताता है कि शासन व्यवस्था में असली सुधार तभी संभव है, जब इन दोनों पक्षों को आपस में जोड़ा जाए—यानी नागरिकों द्वारा बनाई गई इन पहलों को प्रशासन में उचित मान्यता मिले और सरकारी एजेंसियाँ भी इनमें बराबरी के साथी की तरह शामिल हों। अगर इन दोनों के बीच यह तालमेल बन जाए, तो छोटे शहरों में आम लोगों की भागीदारी महज़ बिखरे हुए आंदोलनों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि एक मज़बूत और साझी ज़िम्मेदारी वाली व्यवस्था बन सकेगी।
नागरिक-कनेक्ट (Nāgrika-Connect) देश भर में चलायी जा रही एक ऐसी मुहिम है, जिसका मकसद आम लोगों, नागरिक समूहों और शहर के दूसरे साझेदारों की समझ और सोच के ज़रिए छोटे शहरों के भविष्य को एक नया रूप देना है।
इसकी शुरुआत भारत के छोटे शहरों में नागरिकों के लिए काम कर रहे संगठनों से सीखने और उन्हें सहयोग देने के उद्देश्य से की गई है। इन्हें केंद्र में रखकर, हमारा मकसद उस स्थानीय समझ और ज्ञान को सामने लाना है जो इन शहरों को अनूठा और आत्मनिर्भर बना सके।
इसके लिए हम ऐसे मंच तैयार करते हैं जहाँ स्थानीय समुदाय अपनी आवाज़ उठा सकें, एक-दूसरे से सीख सकें और नीति निर्माताओं तक अपनी बात पहुँचा सकें। इस पूरे सफ़र में हम ज़मीनी रिसर्च, शहरों पर आधारित केस स्टडीज़ और शहरों के बीच आपसी तालमेल व सीख का एक नेटवर्क तैयार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।